गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के एमडी राजेश गौतम ने दीप जलाकर और झंडा फहराकर की। इसके बाद छात्रों ने मार्च पास्ट किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे, जिन्होंने तालियाँ बजाकर अपने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। खेल प्रतियोगिता के दौरान मैदान में कई तरह की दौड़ और खेल आयोजित किए गए। बच्चों ने बनाना रेस, पिरामिड रेस, बुक बैलेंसिंग, फ्रॉग रेस, सैक रेस, हर्डल रेस और स्पाइडर रेस जैसी गतिविधियों में अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। इसके अलावा 100 मीटर दौड़ और 3-लेग रेस में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में अनुशासन और टीम के साथ मिलकर काम करने का जज्बा साफ दिखाई दिया। कार्यक्रम के अंत में जीतने वाले खिलाड़ियों को मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। स्कूल के एमडी राजेश गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि खेल बच्चों के शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन भी पैदा करते हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए स्कूल के शिक्षकों और खेल विभाग की तारीफ की। इस अवसर पर स्कूल की डायरेक्टर ज्योति गौतम, प्रिंसिपल डायरेक्टर धनपत राय, प्रिंसिपल शिवानी गुलेरिया, डीन प्रियंका शर्मा, वाइस प्रिंसिपल कमलेश कुमारी और कोऑर्डिनेटर सीमा शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।