अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेन्द्र पाल गुज्जर ने शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी के साथ श्रद्धा भाव से चिंतपूर्णी माता के दरबार में हाजिरी लगाई और माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर न्यास के पदाधिकारियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।एडीसी ने माता के दर पर नवरात्रों के सफल और सुचारू संपादन की मंगलकामना की। उन्होंने मंदिर प्रांगण तथा आस-पास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आगामी शारदीय नवरात्रों को देखते हुए उन्होंने पार्किंग, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और चिकित्सा सुविधाओं समेत संपूर्ण तैयारियों को परखा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति, लंगर स्थलों की सफाई तथा सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दल और स्वास्थ्य विभाग की टीमें चौकस रहें ताकि किसी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।एडीसी ने मंदिर न्यास और स्थानीय प्रशासन को मिल-जुलकर कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जाए।