आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा में आज खेल भावना और उत्साह से भरपूर माहौल देखने को मिला, जब विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं — कबड्डी, बैडमिंटन, थ्रो बॉल और हैमर बॉल — का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल आयोजन में हमीरपुर जिला के प्रसिद्ध सेंट सोल्जर कॉन्वेंट स्कूल, सदोह की टीमों ने भी भाग लिया। दोनों विद्यालयों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिताओं में कुल चार खेलों का आयोजन किया गया। कबड्डी और बैडमिंटन मुकाबलों में सेंट सोल्जर कॉन्वेंट स्कूल, सदोह की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं थ्रो बॉल और हैमर बॉल प्रतियोगिताओं में आर्य पब्लिक स्कूल, बंगाणा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, तालमेल और खेल भावना से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के उपरांत विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक दृढ़ता और टीम भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।