ऊना जिले में हुई लूट की वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। त्यूड़ी में शराब ठेके से लूट और बहडाला पेट्रोल पंप पर लूट के प्रयास मामले में पुलिस ने पंजाब के जालंधर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 23 अप्रैल देर रात त्यूड़ी में दोपहिया वाहनों पर सवार होकर आए आरोपियों ने शराब ठेके से करीब 35 हजार रुपये नकद और शराब की बोतलें लूट ली थीं। इसके बाद 25 अप्रैल को बहडाला स्थित पेट्रोल पंप पर भी इसी गैंग ने देर रात लूट का प्रयास किया। दोनों वारदातों में एक जैसे हथियार और वाहन के इस्तेमाल से पुलिस को शक हुआ कि घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। इसी आधार पर पुलिस ने सदर थाना प्रभारी गौरव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर पंजाब के जालंधर में दबिश दी, जहां से अनमोल दत्त पुत्र विजय कुमार निवासी संतोखपुरा, जालंधर और सुरजीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी नकोदर, जालंधर को गिरफ्तार किया है। सुरजीत सिंह दोनों वारदात का मुख्य आरोपी है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को रविवार रात ऊना लाया गया।