विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर लंबे समय से प्रतीक्षित केंद्र सरकार की प्रसाद योजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत मंदिर परिसर के कायाकल्प और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगभग 56 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे आने वाले समय में श्रद्धालुओं को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना के तहत मंदिर परिसर का विस्तारीकरण, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवागमन व्यवस्था, सुविधाजनक मार्ग, सौंदर्यीकरण और अन्य आधारभूत ढांचे का विकास किया जाएगा। इससे न केवल मंदिर क्षेत्र की व्यवस्था सुधरेगी बल्कि श्रद्धालुओं को भी अधिक सुगम और सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिलेगी। परियोजना को गति देने के लिए प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। एसडीएम चिंतपूर्णी पारस अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर विस्तारीकरण के लिए अधिग्रहित भूमि पर मौजूद दुकानों को हटाने के आदेश कमिश्नर टेंपल की ओर से जारी कर दिए गए हैं। इन ढांचों को हटाने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है, ताकि निर्माण कार्य के लिए जमीन को खाली किया जा सके। प्रशासन की ओर से परियोजना को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए टेंडर प्रक्रिया का शेड्यूल भी तय कर दिया गया है।