शिमला में 25 जुलाई से 27 जुलाई तक आयोजित राज्यस्तरीय सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर विजेता बने खिलाड़ियों का आज ऊना पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के घर लौटने पर अभिभावकों और ग्रामवासियों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया और मिठाई खिलाकर खुशी जताई। इस प्रतियोगिता में तृषा, महक, उमंशु और अंकित चौधरी ने स्वर्ण पदक, पलक और सागर ने रजत पदक, जबकि रोहिन और पारुल ने कांस्य पदक हासिल किए। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल जिले का मान बढ़ाया बल्कि रनर-अप ट्रॉफी भी अपने नाम की। इस अवसर पर सक्षम बॉक्सिंग क्लब के कोच सरोज शर्मा और संयोजक राजेश शर्मा ने कहा कि यह जीत बच्चों की कड़ी मेहनत और जज्बे का परिणाम है। वहीं जिला ऊना बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष बलवंत सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इन होनहार खिलाड़ियों ने जिले का नाम रोशन किया है। ग्रामवासियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएंगे।