सर्दियों की शुरुआत के साथ ही जब ठंड ने दस्तक दी है। ऐसे में शिक्षा ग्रहण के रहे बच्चों के प्रति मानवता का परिचय देते हुए मोगा की समाजसेविका संतोष कुमारी धर्मपत्नी कृष्ण गोपाल मित्तल ने अपने पुत्र आकाश मित्तल के साथ राजकीय उच्च पाठशाला धलवाड़ी पहुंचीं। उन्होंने विद्यालय परिसर में आयोजित एक सादे समारोह के दौरान उच्च पाठशाला तथा प्राथमिक पाठशाला धलवाड़ी के सभी बच्चों को गरम स्वेटर वितरित किए। स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में अमोकला प्रीतम के वेद प्रकाश शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान विकास भारद्वाज तथा शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर संबोधित करते हुए प्रधान विकास भारद्वाज ने कहा कि इस तरह के कार्य न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि समाज में मानवता, सहानुभूति और सेवा भाव के मूल्य भी सुदृढ़ करते हैं। विकास भारद्वाज ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता अनुसार बच्चों की शिक्षा में सहायता करनी चाहिए ।