कांग्रेस के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने रविवार को ऊना में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा पर धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय से धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है। रायजादा ने कहा कि पहले श्रीराम मंदिर निर्माण के नाम पर देशभर से ईंट और मिट्टी एकत्रित की गई थी और अब संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर निकाली जा रही कलश यात्राओं को भी राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धार्मिक आयोजनों का उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है। पूर्व विधायक ने राम मंदिर से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां केवल दान ही नहीं, बल्कि लोगों की आस्था के साथ भी खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों और आस्था को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। रायजादा ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर वोट की राजनीति करती है। उन्होंने प्रदेश और देश की जनता से अपील की कि धार्मिक आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने वाले प्रयासों को समझें और लोकतांत्रिक तरीके से उनका जवाब दें।