ऊना जिला मुख्यालय स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में एक श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें कॉलेज के समस्त प्रवक्ताओं, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित सभी लोगों ने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान कॉलेज परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा। प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि कारगिल युद्ध भारत के सैनिकों की अद्भुत वीरता, साहस और देश प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज का दिन न केवल शहीदों को याद करने का है, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा लेने का भी अवसर है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि युवाओं को चाहिए कि वे भारत के वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखें और उनसे प्रेरणा लेकर एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश की सेवा करें। डॉ. शर्मा ने यह भी कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में हर युवा की भूमिका अहम है और आज की पीढ़ी को यह संकल्प लेना होगा कि वे अपने विचार, कर्म और आचरण से राष्ट्र को सशक्त बनाने में योगदान देंगे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए और कारगिल युद्ध की घटनाओं पर आधारित भाषण, कविताएं और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत इन सांस्कृतिक गतिविधियों ने माहौल को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया।