राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेहड जसवां जिला ऊना में शनिवार को सड़क सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कम उम्र से ही यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और सजगता विकसित करना रहा। इस अवसर पर कक्षा सातवीं की छात्रा मिस अक्षिता शर्मा ने सड़क सुरक्षा के विषय पर एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक भाषण प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे। अक्षिता शर्मा ने हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, तेज गति से वाहन न चलाने, तथा ट्रैफिक संकेतों व नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित व्यवहार अपनाने के साथ अपने परिवार और समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएं, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और अनमोल जीवन बचाए जा सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना ठाकुर, उप प्रधानाचार्या अनीशा धीमान तथा विद्यालय सड़क सुरक्षा क्लब के प्रभारी शिव राणा ने छात्रा के प्रयास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा इस प्रकार के विषयों पर खुलकर विचार रखना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।