कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं और जनसेवा के अपने कार्यों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने क्षेत्र की पंचायत लमलैहड़ी में 115 वर्षीय बुजुर्ग दादी मां लाजबंती देवी के घर जाकर उन्हें कपड़े भेंट किए और अपनी निजी आय से आर्थिक सहायता प्रदान की। विधायक विवेक शर्मा का यह कदम न केवल एक बुजुर्ग के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के प्रति उनकी संवेदनशील सोच को भी दर्शाता है। गौरतलब है कि विधायक विवेक शर्मा का यह कोई पहला कार्य नहीं है। अपने लगभग डेढ़ वर्ष के विधायक कार्यकाल में वे सैकड़ों अपंग, असहाय और गरीब परिवारों की मदद कर चुके हैं। उन्होंने कई जरूरतमंदों को व्हील चेयर, चलने के लिए सहायक उपकरण, बैसाखियां और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई है। खास बात यह है कि इन सभी सेवाओं के लिए उन्होंने अधिकतर सहायता अपनी निजी आय से की है, जिससे उनके सेवा भाव की सच्चाई झलकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक विवेक शर्मा जहां भी किसी गरीब, असहाय या जरूरतमंद परिवार की सूचना मिलती है, वहां वे बिना देरी किए स्वयं पहुंचते हैं और मदद का हाथ बढ़ाते हैं। लमलैहड़ी पंचायत में 115 वर्षीय दादी मां लाजबंती देवी से मुलाकात के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बातचीत की। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उन्हें जनता की सेवा करने का अवसर मिलना उनका सौभाग्य है।