पवित्र शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बारिश के बीच भी दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। हालांकि, अन्य व्यस्त रविवारों की तुलना में इस बार भक्तों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां चिंतपूर्णी का आशीर्वाद प्राप्त किया। बीच-बीच में हुई बारिश को श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी का कारण माना जा रहा है, लेकिन माता रानी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं। दर्शन व्यवस्था शांतिपूर्ण रही और श्रद्धालुओं ने बिना किसी परेशानी के मां के पावन दर्शन किए। पूरे दिन मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों और भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।