कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिली है। हटली-जसाणा वार्ड से बीडीसी सदस्य शेर सिंह और कुरयाला वार्ड से बीडीसी सदस्य अरुण कुमार ने दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। दोनों बीडीसी सदस्यों ने विधायक विवेक शर्मा की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस में शामिल होने के बाद शेर सिंह और अरुण कुमार ने कहा कि उन्होंने विधायक विवेक शर्मा की कार्यशैली और कुटलैहड़ क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस के साथ जुड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि विधायक विवेक शर्मा क्षेत्र की समस्याओं को लगातार सरकार के समक्ष उठा रहे हैं। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों की सहायता के साथ सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। दोनों बीडीसी सदस्यों ने कहा कि राजनीति केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जनप्रतिनिधि की असली पहचान जनता के सुख-दुख में साथ खड़े होने से होती है। उन्होंने कहा कि विधायक विवेक शर्मा लगातार आम लोगों के बीच रहकर काम कर रहे हैं। उनकी इसी कार्यशैली से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया गया है। कांग्रेस में शामिल हुए दोनों बीडीसी सदस्यों ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य कुटलैहड़ में कांग्रेस संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने अपने-अपने वार्ड और पंचायतों से विधायक विवेक शर्मा को बढ़त दिलाने के लिए काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों को एकजुट किया जाएगा। साथ ही 2027 में विधायक विवेक शर्मा को प्रचंड बहुमत दिलाने का संकल्प लिया गया। कांग्रेस में दोनों बीडीसी सदस्यों के शामिल होने को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन के विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है।