क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में अप्रैल के पहले सप्ताह के बाद किडनी रोगियों के निशुल्क डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। उत्तराखंड की संस्था के साथ इसके लिए प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के साथ करार हुआ है। हंस फाउंडेशन अगले माह से ऊना के डायलिसिस यूनिट में अपना कार्यभार संभालेगी। वर्तमान में यहां डीसीडीसी कंपनी डायलिसिस करने का जिम्मा संभाल रही है। करीब छह वर्ष सेवाओं के बाद अब डीसीडीसी कंपनी का स्वास्थ्य विभाग के साथ अनुबंध समाप्त हुआ है। इस कंपनी की ओर से सामान्य श्रेणी के किडनी रोगियों से 1528 रुपये प्रति डायलिसिस तो आयुष्मान व हिम केयर आदि पात्रों के लिए निशुल्क सुविधा दी जाती थी। लेकिन आने वाले दिनों में हंस फाउंडेशन यह सुविधा बिलकुल निशुल्क होगी। इसके लिए विभागीय कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया है। नई संस्था के साथ इस कार्य के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रियता से आगे बढ़ रहा है। लगातार बैठकों का दौर भी जारी है। बता दें कि डीसीडीसी कंपनी के पास वर्तमान में प्रतिदिन करीब 22 किडनी रोगी अपना डायलिसिस करवा रहे हैं। ऐसे मरीजों की संख्या भी करीब 70 के आसपास है। इनमें से सामान्य श्रेणी के मरीजों को यहां 1528 रुपये डायलिसिस के लिए अदा करने पड़ते हैं। दूसरी ओर हिम केयर कार्ड धारकों एवं आयुष्मान कार्ड धारकों की डायलिसिस शुल्क संबंधित एजेंसियों से आता रहा है। लेकिन अप्रैल माह के पहले सप्ताह बाद शुल्क देने का झंझट सामान्य रोगियों के लिए भी समाप्त होगा। सभी किडनी रोगियों को एक समान रूप से निशुल्क डायलिसिस की सुविधा यहां ऊना अस्पताल में उपलब्ध होगी।