उपतहसील जोल क्षेत्र में मौसम साफ होते ही किसानों ने एक बार फिर खेतों का रुख कर लिया है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद जैसे ही धूप खिली, किसानों ने कृषि कार्यों में तेजी ला दी। कहीं किसान मक्की की बिजाई करते नजर आए तो कहीं पहले से बोई गई फसल में उगी खरपतवार को हटाने और कीटों से बचाव के लिए कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव करते दिखाई दिए। स्थानीय किसानों का कहना है कि हाल ही में हुई बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी हुई है, जिससे मक्की की बिजाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार हुई हैं। वहीं, पहले से उगी फसल में खरपतवार तेजी से बढ़ रही है, जिसे समय रहते नियंत्रित करना आवश्यक है। इसके साथ ही कीटों के प्रकोप से फसल को बचाने के लिए किसान दवाइयों का छिड़काव भी कर रहे हैं, ताकि अच्छी पैदावार सुनिश्चित की जा सके। किसान बलवान सिंह ने बताया कि बारिश के बाद खेतों में नमी आने से मक्की की बिजाई के लिए अच्छा समय है। उन्होंने कहा कि किसान समय पर बिजाई के साथ-साथ खरपतवार नियंत्रण और फसल की देखभाल पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं, ताकि उत्पादन बेहतर हो सके। किसान हंसराज ने कहा कि मौसम साफ होने से कृषि कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि मक्की की फसल को कीटों से बचाने के लिए दवाइयों का छिड़काव किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो इस बार मक्की की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि खेती में समय का विशेष महत्व होता है। मौसम साफ होने के साथ ही सभी किसान अपने-अपने खेतों में जुट गए हैं ताकि कृषि कार्य समय पर पूरे किए जा सकें। किसानों को उम्मीद है कि यदि आगामी दिनों में मौसम अनुकूल रहा तो इस वर्ष मक्की की फसल बेहतर होगी और उन्हें अच्छी उपज प्राप्त होगी। पूरे क्षेत्र में इन दिनों खेतों में किसानों की चहल-पहल बढ़ गई है और ग्रामीण इलाकों में कृषि गतिविधियां तेज़ी से चल रही हैं।