चिंतपूर्णी में नवरात्रों से पहले मंदिर क्षेत्र और आसपास के स्थानों से बेसहारा पशु हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा। एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने हाल ही में आयोजित मेला मीटिंग में इस बाबत स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में श्रावण अस्टमी मेले के दौरान भी कई बेसहारा पशुओं को मंदिर के आसपास से हटाकर नजदीकी मंदिर न्यास की गोशाला में भेजा गया था। फिर भी आज इस क्षेत्र में कई बेसहारा पशु चिंतपूर्णी बाजार और मंदिर के आसपास घूमते हुए देखे जा रहे हैं, जो नवरात्रों के दौरान जहां श्रद्धालुओं के लिए खतरा बन सकते हैं, वहीं स्वच्छता और सुरक्षा की दृष्टि से भी परेशानी का कारण बन रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि नवरात्रों के मौके पर भारी दर्शन और मेले के चलते पशुओं के कारण दुर्घटना या विवाद की संभावना बनी रहती है, इसलिए उन्हें तत्काल हटाने के लिए कड़ी कार्रवाई होगी।