उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत चौकीमनयार स्थित प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर में सात दिनों से चली श्रीमद्भागवत कथा का मंगलवार को समापन हुआ। इस अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के अंतिम दिन प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित शिव शास्त्री ने भक्त सुदामा के जीवन प्रसंग का अत्यंत मार्मिक और हृदयस्पर्शी वर्णन किया। कथा समापन के उपरांत मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी, कौशल परिवार और स्थानीय लोगों की सहभागिता भी विशेष उल्लेखनीय रही। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत, युवा मंडल और महिला मंडल सहित कई सामाजिक संस्थाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।