पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने प्रदेश सरकार के दो साल के जश्न पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार जनता को ठगने की सफलता का जश्न मना रही है। बुधवार ऊना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के दो साल लोगों को केवल मात्र टालमटोल करने में ही बीते हैं। उन्होंने कहा कि दो साल तक कांग्रेस की सरकार ने या तो पूर्व भाजपा सरकार की योजनाओं को बंद किया या उनके नाम बदले या फिर लोगों को सुविधा देने के लिए पूर्व सरकार के समय खोले गए संस्थानों को बंद करने से अधिक और कोई काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जनता को ठगने के लिए कांग्रेस ने पहले ही दिन से सभी वादों को पूरा करने का एलान किया था। लेकिन अब वह अपनी ही दी हुई हर गारंटी को 5 साल में पूरा करने की बात कह रहे हैं। जबकि दो साल का समय इसी छलावे में बीत चुका है।