लोकसभा चुनाव 2024 और कुटलैहड़ विधानसभा-45 में होने वाले उपचुनाव के दृष्टिगत शनिवार को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए चुनावी ड्यूटी देने वाले पीआरओ और एपीआरओ को प्रथम चुनावी पूर्वाभ्यास अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में करवाया गया। प्रथम चुनावी पूर्वाभ्यास में उप निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी बंगाणा सोनू गोयल ने शिरकत की। इस दौरान उपमंडल अधिकारी ने चुनावी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से आहवान किया कि वे चुनावी रिहर्सल के दौरान दी जानी वाली व्यवहारिक जानकारी को बखूवी ग्रहण करें तथा चुनावों से संबंधित अपनी ड्यूटी को पूर्ण लगन व निष्ठा से निभाएं। इस प्रथम पूर्वाभ्यास प्रक्रिया में 168 पीआरओ और 142 एपीआरओ ने भाग लिया। इस मौके पर विकास खंड अधिकारी सुभाष अत्री, तहसीलदार बंगाणा अमित कुमार, नायब तहसीलदार अभिराय सिंह शर्मा, लिपिक जीवन शर्मा और अन्य विभागों से आए अधिकारी ब कर्मचारी उपस्थित रहे।