उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के मेन बाजार में स्थित अश्विनी कुमार धीमान की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में सर्किट शॉर्ट होने से भीषण आग लग गई, जिसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना आज सुबह लगभग 5:00 बजे की है, जब सड़क पर सैर कर रहे सतीश कुमार ने दुकान से उठती आग की लपटें देखीं। सतीश कुमार ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया। इस दौरान दुकान में रखे फ्रिज, वाशिंग मशीन, एलईडी, इलेक्ट्रॉनिक चूल्हे, पंखे समेत अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस आग से लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के बाद मकान मालिक और दुकान के मालिक को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना शॉर्ट सर्किट के कारण हुई, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम विस्तृत जांच कर रही है। इस दुर्घटना से बाजार में हड़कंप मच गया, लेकिन समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान नहीं हुआ। प्रशासन ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। वहीं पर विद्युत आपूर्ति विभाग बंगाणा के सहायक अभियंता ई उदित सिंह का कहना है कि मामला उनके ध्यान में आया है टीम सदस्यों द्वारा जांच की जा रही है कि आगजनी की घटना तार सर्किट से हुई है या अन्य कोई कारण रहा है।