चिंतपूर्णी के नजदीक गांव चंबी के पास स्वाणा रोड पर निजी पार्किंग में खड़ी एक कार जलकर पूरी तरह राख हो गई। यही नहीं कार में लगी इस आग की घटना से साथ अन्य दो वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। गनीमत ये रही कि कार को आग लगने के बारे में आसपास लोगों को पता चल गया नहीं तो इस पार्किंग में खड़े अन्य सात गाड़ियां भी आग की चपेट में आ जाती। घटना रात साढ़े ग्यारह बजे की बताई जा रही है जब गांव की महिला पूनम ने अपने घर के सामने से धुआं निकलते देखा तो उसने तुरंत आसपास फोन करके लोगों को बताया जिसके बाद मौके पर जाकर देखा तो कार को आग लगी हुई थी। जिसके बाद लोगों ने कार में लगी आग को बुझाने की कोशिश की और फायर बिग्रेड को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन फायर बिग्रेड के आने से पहले ही कार पूरी तरह से जल चुकी थी। आग की इस घटना से कार का करीब दस लाख का नुकसान हुआ है। कार डॉक्टर अशोक कुमार की थी जो किराए पर रहते हैं और स्वाणा डिस्पेंसरी में तैनात हैं। वहीं, रात को मौके पर चिंतपूर्णी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। कार में आग किसी ने लगाई है या किस कारण लगी है अभी तक इसका पता नहीं लग पाया है। पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।