लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश और पंजाब पुलिस ने आपसी समन्वय के साथ कानून-व्यवस्था को बनाए रखने व मतदान प्रक्रिया पर पूर्ण करने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में बुधवार को हिमाचल प्रदेश और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों के पुलिस अधिकारियों की समन्वय बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय कुंडू ने की। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में डीजीपी संजय कुंडू ने कहा कि प्रदेश में 107 अंतरराज्यीय नाके हैं। इसमें 66 पंजाब के साथ लगते हैं। हिमाचल के साथ लगते पंजाब के कई क्षेत्र काफी संवेदनशील हैं। वहां नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोग सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक में आपसी समन्वय के साथ नशा तस्करी रोकने, नाकाबंदी से जुड़ी योजना सहित अन्य व्यवस्थाओं को कानून के लिहाज के बनाए रखने को लेकर चर्चा हुई। तय हुआ कि पंजाब और हिमाचल की 122 किमी लंबी सीमा पर जितने भी शराब के ठेके हैं, उन सभी की मैपिंग होगी। ताकि वहां से दूसरी जगह पर शराब की तस्करी न हो पाए। इसके अलावा पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में कच्ची शराब बनाने वाले गिरोह सक्रिय हैं। कहा कि कच्ची शराब के कई जानें जा चुकी हैं और इसपर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।