ऊना जिला मुख्यालय से सटे डंगोली गांव में मंगलवार देर रात दहशत का माहौल बन गया, जब लोगों ने सबसे खतरनाक सांपों में से एक कॉमन क्रेट को देखा। कॉमन क्रेट जहरीले सांपों में गिना जाता है और इसके काटने से गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत रामपुर के स्नेक कैचर जतिंद्र कुमार को दी। सूचना मिलते ही जतिंद्र कुमार अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और पूरी सतर्कता बरतते हुए सांप को सुरक्षित तरीके से काबू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे।