मुख्यमंत्री लोक भवन चुरुड़ू में मंगलवार को बीपीएल परिवारों के लिए क्लस्टर सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की 23 पंचायतों से बीपीएल परिवारों के साथ पंचायत प्रतिनिधि पहुंचे। सम्मेलन का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सामने लाना रहा। कार्यक्रम में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों का सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान सरकार की प्राथमिकताओं में है। बीपीएल परिवारों के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र परिवारों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर समय पर आवेदन करना चाहिए, ताकि उन्हें सरकारी सहायता का लाभ मिल सके। विधायक ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सम्मेलन में पहुंचे बीपीएल परिवारों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। सम्मेलन में चुरुड़ू, टकारला, धंधड़ी, ठठल, सेरी, नंदपुर, दिलवां, दियाड़ा, स्तोथर, धुसाड़ा, भैरा, हम्बोली, कुठियाड़ी, बेहड़ जसवां, बदायूं, कटोहड़ कलां, कटोहड़ खुर्द, मेड़ी खास, ज्वार, त्याई, रपोह मिसरा, पोलियां पुरोहितां और सूरी पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और बीपीएल परिवारों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और अपनी जरूरतें विधायक के समक्ष रखीं। सरकारी योजनाओं की पात्रता, उपलब्ध सुविधाओं और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाले लाभों को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनके स्तर पर उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।