विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी मंदिर क्षेत्र में सोमवार सुबह से मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया और उमस व भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के चलते आसपास की पहाड़ियां घने कोहरे की चादर में लिपटी नजर आईं, जिससे पूरे क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य और निखर उठा। मौसम में ठंडक घुलने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भी राहत महसूस की। बारिश के बावजूद माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई। श्रद्धालु लगातार मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन और पूजा-अर्चना करते रहे। मंदिर परिसर और बाजार में भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में आगामी घंटों और अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से बरसात के दौरान पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।