कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसाल (ठाकुरद्वारा) की स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों और विद्यालय स्टाफ ने विधायक विवेक शर्मा से जोगी पंगा स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में लंबे समय से रिक्त शिक्षकों एवं अन्य आवश्यक पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई। बैठक के दौरान एसएमसी सदस्यों ने विधायक को बताया कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि रिक्त पद भरने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी और विद्यालय का शैक्षणिक स्तर भी बेहतर होगा। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने सहित अन्य आवश्यक समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया। विधायक विवेक शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि विद्यालय में स्टाफ की कमी का मामला संबंधित विभाग और प्रदेश सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द आवश्यक पदों को भरवाया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है और सरकार का प्रयास विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।