कुटलैहड़ मुख्यालय के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में विधायक विवेक शर्मा ने शिरकत की। स्कूल पहुंचने पर छात्रों, शिक्षकों तथा अभिभावकों ने उनका भव्य स्वागत किया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर और सार्थक बनाने में स्कूल स्टाफ के साथ अभिभावकों की भी उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों को यह संदेश दिया कि वे बच्चों पर अपनी इच्छाएं न थोपें, बल्कि उनकी रुचि और क्षमताओं को पहचानकर उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं एक सरकारी स्कूल में पढ़े हैं, इसलिए वे सरकारी स्कूलों के उत्थान के लिए विशेष रूप से संवेदनशील हैं। इसी दृष्टि से राज्य सरकार ने पहली कक्षा से प्री-नर्सरी तक की शिक्षा उपलब्ध करवाने का महत्वपूर्ण कदम उठाया है, ताकि शुरुआती स्तर से ही बच्चों को मजबूत आधार मिल सके।