जिला ऊना उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के वन रेंज अधिकारी अंकुश आनंद की अध्यक्षता में शहीद भगत सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल सोहारी में एक दिवसीय जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वन विभाग बंगाणा रेंज अधिकारी अंकुश आनंद ने जागरूक करते हुए बताया कि अगर हम सब जंगलों को सुरक्षित रखेंगे, तभी हमें शुद्ध हवा मिलेगी, अगर हम लोग जंगलों को जलाएंगे तो शुद्ध हवा कहां से पाएंगे। इसलिए आप सभी अपने परिवार सदस्यों व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें कि गर्मियों के मौसम में अपने घरों के आसपास व खेतों में मलकीयत भूमि में घासनियों तथा साथ लगते जंगलों में आग न लगाएं। इससे एक तो वन संपदा जल कर राख हो जाती है, दूसरा जंगली जानवरों सहित जीव-जंतु व पशु-पक्षी जल जाते हैं। इस मौके पर स्कूल के प्रबंधक लबली शर्मा ने भी सभी बच्चों को यह जानकारी घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया है। इस मौके पर वन विभाग की टीम सदस्यों सहित अन्य स्कूल स्टाफ सदस्यों सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।