संक्रांति के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह तड़के से ही माता रानी के दर्शनों के लिए भक्तों का मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू हो गया था और देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रही। पूरे दिन मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा तथा श्रद्धालुओं ने मां चिंतपूर्णी के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। संक्रांति के शुभ अवसर पर प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे।