विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नालागढ़ के वार्ड नंबर-1 स्थित विवेकानंद शिक्षा कुंज में कहानी वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कहानी सुनाने की प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में स्नेह शर्मा और बलजिंद्र कौर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी बात प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने और कहानियों के जरिए अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। स्कूल की प्रिंसिपल शिवानी सिंघल ने बताया कि विद्यार्थियों की प्रतिभा के विकास के लिए विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इस तरह के आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नए कौशल सीखने का अवसर मिलता है। स्कूल की प्रबंधक सुमति सिंघल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें कहानियों से शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। कहानियां मनोरंजन के साथ-साथ जीवन में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों और सही निर्णय लेने की प्रेरणा भी देती हैं। कार्यक्रम के दौरान स्कूल का स्टाफ भी मौजूद रहा। इस अवसर पर शैलजा, यशोदा, निधि, ममता, सुरुचि, पूनम रघुवंशी, पूनम शर्मा, बलजीत कौर, पूनम रानी, रजनी, रिंका और सविता सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।