सोलन शहर में मंगलवार सुबह से छाई घनी धुंध के बाद बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। धुंध के कारण दृश्यता भी प्रभावित रही। बारिश के चलते शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा है और मौसम में ठंडक बढ़ गई है। पिछले दो-तीन दिनों से सोलन में दोपहर के समय बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण तापमान में करीब पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान गिरने से लोगों को अगस्त के दौरान भी ठंड का अहसास होने लगा है। सुबह के समय धुंध और इसके बाद बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। बारिश के कारण जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसान और बागवान चिंतित हैं। लगातार बारिश से खेतों और बगीचों में खड़ी फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। विशेषकर उन फसलों को नुकसान का डर है, जिन्हें इस समय धूप और सामान्य मौसम की जरूरत है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं बागवान भी लगातार बदल रहे मौसम को लेकर नजर बनाए हुए हैं।