साईं मार्ग पर विशाल मेगा मार्ट के समीप उस समय हड़कंप मच गया जब एक बंद बॉडी ट्रॉले (ट्रक) में अचानक आग लग गई। आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्धमान ग्रुप का रॉ मटेरियल लेकर आया एक ट्रक पार्किंग में खड़ा था। इसी दौरान लोगों ने ट्रक से धुआं निकलता देखा और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और वर्धमान कंपनी की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने के साथ-साथ ट्रक में भरे रॉ मटेरियल को बाहर निकालना शुरू किया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने के कारण आग ज्यादा नहीं भड़क सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं।