राजकीय महाविद्यालय सोलन को महाविद्यालय सभागार में केंद्रीय छात्र परिषद के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें चार मुख्य पदों पर छात्राओं ने कब्जा जमाया है। प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने नवनिर्वाचित मुख्य चार पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नई कार्यकारिणी में ऋषिता ने अध्यक्ष, निशिता ठाकुर ने उपाध्यक्ष, मुस्कान ने महासचिव और कोमल ने संयुक्त सचिव के रूप में शपथ ग्रहण की। कुल 40 विद्यार्थियों में से 28 ने एकेडमिक उपलब्धियों के आधार पर और 12 ने एनसीसी एनएसएस, रोवर रेंजर्स, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों व क्लब्स में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सदस्यों के रूप में शपथ ग्रहण की। इन सभी को महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा शपथ दिलवाई गई। कार्यक्रम का संचालन सीएस सीए समिति के सदस्य डॉ. एनआर कश्यप ने किया। प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने काॅलेज केंद्रीय छात्र संघ के सदस्यों को बधाई देते हुए काॅलेज प्रशासन के साथ मिलकर महाविद्यालय के विकास के लिए कार्य करने का आग्रह किया। काॅलेज की केंद्रीय छात्र संघ कमेटी की सह समंवयक प्रो. निवेदिता पाठक ने बताया कि महाविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ का गठन विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार मेरिट के आधार पर किया गया।