आम आदमी पार्टी सोलन नगर निगम के सभी 17 वार्डों में पूरे दमखम के साथ अपने प्रत्याशी उतारेगी। सोलन में आयोजित पत्रकारवार्ता में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष जतिन मुसाफिर, रणवीर मल्होत्रा व राज्य कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस और भाजपा ने आपसी सहमति से नगर निगम का कार्यकाल निभाया। दोनों दलों ने चुनाव से पहले जनता से जो वादे किए थे, उन पर वे खरे नहीं उतर पाए। सोलन की जनता यह भली-भांति जान चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में दोनों दलों ने आम आदमी पार्टी की नकल करते हुए 100 रुपये में अनलिमिटेड पानी और घर-घर से फ्री कूड़ा उठाने जैसे वादे किए थे, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस है। पांच साल तक दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे और जनता के मुद्दे पीछे छूट गए। उन्होंने सोलन की प्रबुद्ध जनता से अपील की है कि इस बार नगर निगम चुनाव में काम की राजनीति वाली पार्टी को चुने, जिससे जनहित के कामों को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में कुछ बड़े और सम्मानित चेहरे भी आम आदमी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। प्रत्याशियों की पहली सूची जल्द जारी की जाएगी।