बद्दी के रत्ता खड्ड में एफी फार्म के साथ लगातार खनन हो रहा है। जिससे बिजली बोर्ड की लाइन को खतरा हो गया है। बिजली के खंभे के साथ दोनों से से खनन हो चुका है। पुलिस व खनन विभाग के लाख प्रयासों के बाद भी खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इससे बिजली बोर्ड की लाइन के साथ साथ एक दवा कंपनी को भी खतरा पैदा हो गया है। पिछले वर्ष भी बरसात के दौरान इस खड्ड में बिजली के केबल बनाने वाली कंपनी के साथ भूमि कटाव हो गया था। अब एक अन्य फार्मा कंपनी के साथ खनन होने से उसके साथ लगती जमीन को भी कटाव शुरू हो गया है। लोगों का आरोप है कि अधिकारी खनन माफिया को पकड़ना तो दूर की बात है अगर कोई इन्हें सूचना देता है तो वह उसे भी लेने को तैयार नहीं है। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया की वह इस क्षेत्र में दबिश देंगे और खनन करने वाले लोगों की धरपकड़ की जाएगी।