हिमाचल प्रदेश में लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पिछले दो माह के दौरान 660 करोड़ रुपये की पेमेंट जारी कर दी है। प्रदेश के करीब 80 फीसदी ठेकेदारों को भुगतान किया जा चुका है। यह जानकारी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोलन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि यह भुगतान पीएमजीएसवाई, नावार्ड, पीडीएनए और अन्य योजनाओं के तहत किया गया है। विभाग अब उन ठेकेदारों का ब्योरा जुटा रहा है, जिनका भुगतान अभी शेष है, ताकि जल्द ही उनकी राशि भी जारी की जा सके। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भुगतान को लेकर अक्सर सवाल उठाए जाते हैं, लेकिन जब भुगतान जारी हो जाता है तो उसकी चर्चा कम होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार चरणबद्ध तरीके से सभी लंबित भुगतान निपटाने के लिए प्रतिबद्ध है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश में मानसून की शुरुआत हो चुकी है और विभाग पूरी तरह सतर्क है। जल्द ही विभाग के मुख्य अभियंताओं और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें निर्देश दिए जाएंगे कि जेसीबी मशीनों, अन्य आवश्यक उपकरणों और पर्याप्त मैनपावर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान यदि कहीं भूस्खलन या मलबा आने से सड़कें बाधित होती हैं तो उन्हें तत्काल बहाल किया जाए। खासकर आगामी सेब सीजन को देखते हुए सड़कों को सुचारु रखना विभाग की प्राथमिकता होगी, ताकि बागवानों और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।