एमपीए और अन्य समस्याओं का अभी तक हल नहीं होने पर महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल के चिकित्सकों ने गुरुवार को काले बिल्ले लगाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। इस दौरान सुबह 9:00 बजे से सभी चिकित्सकों ने एक घंटा प्रदर्शन करने के बाद काले बिल्ले लगाकर मरीजों का उपचार किया। एचएमओए की रामपुर इकाई के सदस्य डॉ. राजेश्वर, डॉ. अजीत नेगी, डॉ. पदम नेगी, डॉ. संदीप नेगी और डॉ. संजय ने कहा कि डॉक्टरों को एनपीए और आठ दस सालों के बाद केवल 33,660 प्रतिमाह वेतन दिया जा रहा है। यह डॉक्टरों के साथ अन्याय है। उन्होंने डॉक्टरों को सालों से मिलने वाला एसीएस 4-9-14 को जल्द बहाल करने की मांग की है। सोलन में भी डॉक्टरों ने काले बिल्ले लगाए। इसके अलावा क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में भी डॉक्टरों ने गेट मीटिंग कर अपना विरोध जताया।