नालागढ़ के नजदीक चौकीवाला में ईफीलाइफ कार सीट कवर इंडस्ट्री और नालागढ़ कालेज के पूर्व छात्र संघ एसोसिएशन की ओर से कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा की ओर से किया गया। शिविर में पीजीआई चंडीगढ़ और नालागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित रक्त बैंक की टीमों ने रक्त का संग्रहण किया। यह शिविर कारगिल के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस अवसर पर ईफीलाइफ कार सीट कवर इंडस्ट्री के एमडी नरेंद्र सिंह, पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष शिवलाल वर्मा, उपाध्यक्ष कैप्टन सुरेश कुमार, जगतार सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष सतविंदर सिंह, सचिव डॉक्टर हरविंदर सिंह सैनी, कृष्ण संगर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।