फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baddi Murder: घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या का आरोप, बरोटीवाला से पति गिरफ्तार

Ankesh Dogra Updated Wed, 22 Jul 2026 02:49 PM IST

औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में घरेलू विवाद के बीच एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद बरोटीवाला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान सुनीता और आरोपी की पहचान सुरेंद्र, निवासी झारखंड, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान सुरेंद्र ने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर भारी वस्तु से वार किया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बरोटीवाला थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बद्दी भेज दिया। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे केवल घरेलू विवाद था या इसके अन्य कारण भी रहे हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें