सिरमौर जिले के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टिकरी कुठार के गाव खलोग निवासी ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल आज पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा से मिला। इस दौरान पीड़ित सालिग राम सहित ग्रामीणों ने एक शिकायत पुलिस अधीक्षक सिरमौर को सौंपी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पानी को लेकर करीब 2 दर्जन लोगों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की। उन्होंने बताया कि 3 जुलाई को भी उसके साथ झगड़ा किया गया था, जिसको लेकर पुलिस थाना पच्छाद में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब फिर से 2 दर्जन से अधिक आरोपी उसके घर में घुसे और उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद महिलाओं ने किसी तरह से उसे बचाया। उन्होंने शिकायत में बताया कि आरोपियों द्वारा उसकी जाति का नाम लेते हुए उसे घर के अंदर जला देने की धमकी तक दी। उन्होंने कहा कि उसे उक्त लोगों से खतरा बना हुआ है। उन्होंने एसपी को सौंपी शिकायत में जल्द आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।