राजकीय महाविद्यालय नाहन के रसायन विज्ञान विभाग ने मसालों का छिपा जीवन विषय पर सप्ताह भर चलने वाली गतिविधियों का शुभारंभ किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव शुक्ला ने इस पहल के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। यह कार्यक्रम विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें पोस्टर मेकिंग, प्रश्नोत्तरी और पावरपॉइंट प्रस्तुतियां शामिल हैं, जो सभी मसालों का छिपा जीवन की मुख्य विषयवस्तु से संबंधित हैं। 17 सितंबर को विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद एक पुरस्कार वितरण समारोह होगा। इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के शुभारंभ मौके पर विभिन्न विभागों के 24 विद्यार्थियों ने मसालों से संबंधित विभिन्न विषयों पर पोस्टर बनाए। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. विभव शुक्ला ने कहा कि यह एक बहुत ही रोचक विषय है और इससे विद्यार्थियों को मसालों के रसायन विज्ञान और इतिहास के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। रसायन विभाग से केमिकोस की समन्वयक डॉ. सलोनी सूद ने बताया कि केमिकोस हर साल एक नया विषय चुनता है और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को उस विषय के बारे में जागरूक किया जाता है।