नाहन के चौगान मैदान में स्टेपको सिरमौर उत्सव का धूमधाम से आगाज हुआ। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता एसके अत्री, करियर अकादमी के चेयरमैन एसएस राठी, अधिवक्ता अमित अत्री और वीरेंद्र पाल विशेष अतिथि रहे। शुभारंभ मौके पर समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान दे रहे लोगों को भी पुरस्कृत किया गया। इसमें सिरमौर पुलिस की सीआईए विंग, ट्रैफिक पुलिस, राष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ी और रक्तदाता शामिल रहे। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में नृत्य प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें 80 उभरते हुए कलाकारों ने अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में इंद्रप्रीत कौर साहनी, अनिल ठाकुर और सुनील मोहिल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान स्टेपको संस्था के अध्यक्ष रजित सिंह कंवर, उपाध्यक्ष फरजाना सय्यद, महासचिव वसीम खान, गगन सैनी, अनीश सैनी, मोनू यादव, राजीव सोढा, राजकुमार, गीता, सीमा और स्टेपको टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।