टैक्सी मैक्सी यूनियन जिला सिरमौर का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को एसपी एनएस नेगी ने मिला। इस दौरान उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर एसपी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निजी गाड़ियों द्वारा उठाई जा रही सवारियों की समस्याओं से अवगत करवाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। इसके अलावा नाहन शहर में टैक्सी स्टैंड बनाने और पूर्व में टैक्सी खड़ी करने के लिए चिह्नित स्थानों पर निजी वाहनों को हटाने की गुहार लगाई है। यूनियन के अध्यक्ष आकर्षण शर्मा ने बताया कि लगातार टैक्सी मैक्सी यूनियन सिरमौर अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन को अवगत करवाती आई है। लेकिन प्रशासन टैक्सी चालकों की समस्याओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बाहरी राज्यों की निजी गाड़ियों में सवारियां ढ़ोई जा रही हैं। इससे टैक्सी चालकों को एवं ऑपरेटर को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।