जिला सिरमौर की सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में शुक्रवार को राज्यव्यापी छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई। मेरे शहर के 100 रत्न छात्रवृत्ति परीक्षा में नवमीं से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिले की सभी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में परीक्षा सुबह ठीक 11 बजे शुरू हुई, जो दोपहर 12 बजे तक चली। सीसीटीवी कैमरों और शिक्षकों की कड़ी सुरक्षा के बीच यह परीक्षा हुई। सनद् रहे कि प्रदेश सरकार और क्रैक एकेडमी के बीच हुए समझौते के तहत इस परीक्षा का आयोजन प्रदेश भर के सरकारी व चयनित निजी स्कूलों में किया गया। इस परीक्षा के माध्यम से प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों से 100-100 मेधावी छात्रों का चयन किया जाएगा, जिन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग प्रदान की जाएगी। इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उन प्रतिभाशाली छात्रों को आगे लाना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग नहीं ले पाते। कुल 6,800 छात्रों को इस योजना के तहत मुफ्त कोचिंग का लाभ मिलेगा। शिक्षा विभाग ने सभी उप-निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों को इस परीक्षा के प्रति प्रेरित करें ताकि उनके सीखने के स्तर का भी मूल्यांकन हो सके। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय राघव ने बताया कि जिला के सभी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में मेरे शहर के 100 रत्न छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में सरकारी और निजी स्कूलों के नवमीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।