हर-हर महादेव, बम-बम भोले, जय शिव शंकर। जैसे जयकारों के साथ रविवार को जिला सिरमौर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व की धूम रही। भक्त भोलेनाथ के जयकारों और ओम नम: शिवाय के उच्चारण करते हुए शिवालयों में दाखिल हुए। सुबह से ही मुख्यालय नाहन सहित जिले के अन्य मंदिरों में श्रद्घालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दोपहर होते-होते आस्था का सैलाब बढ़ गया। कई श्रद्घालुओं ने कतारों में खड़े होकर भोलेनाथ के दर्शन किए। भक्तों ने भोले की भक्ति में चूर होकर महाशिवरात्रि पर्व को बड़ी श्रद्घा और उल्लास के साथ मनाया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। बिल्व पत्र, बेर, धतूरे के अलावा अन्य फल व मिष्ठान आदि चढ़ाए। रानीताल शिव मंदिर में युवाओं की टोली ने जमकर शिव के रंग में रंगकर मस्ती की। डीजे की धुनों पर युवा थिरकते नजर आए। वहीं, प्राचीन शिव मंदिर पौढ़ीवाला में हजारों भक्तों ने माथा टेककर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।