शहर के वार्ड नंबर 6 नया बाजार में नया बाजार क्षेत्र की सड़कें करीब-करीब ठीक हैं, लेकिन कई जगह जलभराव की समस्या जरूर है। सबसे अधिक परेशानी नाहन पुलिस थाने के सामने वाली चंबा मैदान को जाने वाली सड़क की है। यह लंबे समय से बदहाल पड़ी हुई है। बीच-बीच में एक बार मरम्मत हुई लेकिन काम चलाऊ मरम्मत चार दिन भी नहीं टिक पाई। लोगों का इस सड़क को लेकर बहुत आक्रोश है, उनका साफ कहना है कि इस सड़क को लेकर पार्षद से लेकर नगर परिषद को लिखित शिकायत भी की गई, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया। इस सड़क से नीचे चंबा मैदान के पीछे की ओर के रास्ते में रात होते ही अंधेरा पसरा रहता है। स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण लोगों को शाम की सैर करने में दिक्कत हो रही है। यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निवास के ठीक सामने सीवरेज की नाली खुली बह रही है। इससे दुर्गंध का आलम है। पास में ही पार्किंग का भी निर्माण किया गया था, जो अर्से से बंद पड़ी है। इस वार्ड के अंतर्गत आने वाले गोबिंदगढ़ पार्क की हालत भी खराब है। नया बाजार डिपो से अंदर आने वाली गली में जल निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने से बरसात के मौसम में यहां तालाब बन रहा है। समाधान न होने पर यहां भी लोग खफा हैं। सड़कों पर अवैध पार्किंग और सफाई की कमी तो खैर पूरे शहर के लिए ही सिरदर्द बनी हुई है। 1. ठेके लेने के लिए ही लड़े जा रहे इलेक्शन मोहम्मद आमिर ने कहा कि चुनाव के समय ही शक्ल दिखती है, ठेके लेने के लिए ही इलेक्शन लड़े जा रहे हैं। बाकी जनता से कोई लेना देना नहीं है। सड़क ऐसी बनती है कि आज मरम्मत होती है कुछ दिन बाद उखड़ जाती है। ये जो सिस्टम बना रखा है बस पैसे खाने का बना रखा है। --- 2. धूल-मिट्टी से बुरे हाल, दुकान में बैठना तक मुश्किल आलिया ने कहा कि आज तक ये सड़क कभी ठीक नहीं देखी। धूल-मिट्टी के कारण बुरे हाल हैं। दुकान में बैठना तक मुश्किल। आए दिन यहां दोपहिया वाहन चालक स्किट होकर चोटिल हो रहे हैं। कभी मरम्मत होती है तो चंद रोज में उखड़ जाती है। --- 3. न ये कभी ठीक हुई और न ही शायद कभी ठीक होगी अनीशा ने कहा कि ये सड़क कभी ठीक नहीं हुई और शायद आगे भी नहीं होगी। लोग आते हैं, टेपे लगाते हैं और चले जाते हैं। इसे लेकर सारे दुकानदार लिखित शिकायत तक दे चुके हैं, पार्षद को भी बोल चुके हैं, लेकिन हुआ कुछ नहीं। दुकान के अंदर तक धूल-मिट्टी ने बुरा हाल किया हुआ है। --- 4. 48 साल उम्र हो गई लेकिन आज तक सड़क का उद्धार नहीं देखा मोहम्मद इकरार ने कहा कि मेरी उम्र 48 साल हो गई है लेकिन आज तक ये कभी ठीक नहीं देखी। कई बाइक सवार यहां गिर चुके हैं। स्ट्रीट लाइटें एक बार खराब हो जाती हैं तो कई दिन बाद ही ठीक होती है। जबकि इस सड़क से कई अधिकारी भी गुजरते हैं।