सिरमौर जिले में बारिश और भूस्खलन के चलते लोगों की मुश्किलें कम नहीं हो रही है। सोमवार को 23 सड़कें बंद हुईं। वहीं, कफोटा में पांवटा-शिलाई एनएच 707 चार घंटें बंद रहा। इस दौरान एनएच के दोनों और सरकारी और निजी बसों के अलावा वाहन फंसे रहे। पांवटा-शिलाई एनएच पर तिलोरधार और कफोटा के बीच पहाड़ी से सड़क पर मलबा और पत्थर आने से दोपहर बाद तीन बजे मार्ग बंद हो गया। इसके चलते दोनों छोर पर सैकड़ों वाहन फंसे रहे। सूचना मिलने के बाद एसडीएम कफोटा भी मौके पर पहुंचे ओर सड़क बहाली का कार्य शुरू करवाया। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से सड़क को बहाल करवाने में परेशानी हुई। कड़ी मशक्कत के बाद शाम 7 बजे वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क बहाल हो पाई। उधर, बारिश और भूस्खलन के चलते सिरमौर जिले में सोमवार सुबह 23 सड़कें बंद हुई। इनमें संगड़ाह मंडल की 1, शिलाई की 11, नाहन की 6, राजगढ़ की 3 और पांवटा साहिब उपमंडल की 2 सड़कें शामिल हैं। विभाग ने सोमवार देर शाम तक इनमें से 17 सड़कों को बहाल करवाया। लोक निर्माण विभाग को 84.19 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कफोटा के अंतर्गत आने वाले पटवार सर्कल शिल्ला भवन को बारिश और भूस्खलन से 1 लाख का नुकसान हुआ है।