जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कालाअंब ट्रांसमिशन लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कंपनी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुरला और बर्मा पापड़ी को आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाकर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत दी है। कंपनी की ओर से दोनों पीएचसी को एक्जामिनेशन लाइट, एक्जामिनेशन काउच, क्रैश कार्ट, ऑक्सीजन सिलिंडर, पेशेंट बैड, वीडियो लैरीनगोस्कोप और हीमोग्लोबिन मीटर सहित अन्य आवश्यक उपकरण औपचारिक रूप से समर्पित किए गए। इन उपकरणों के उपलब्ध होने से अब प्राथमिक स्तर पर ही मरीजों को बेहतर जांच एवं उपचार सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम में कंपनी के मुख्य प्रबंधक अंकित सूद, प्रबंधक अभिषेक गर्ग, कनिष्ठ अभियंता प्रशांत पाण्डेय, सचिव माधवी सिंह, मुख्य वित्तीय अधिकारी प्रतिक्षा जैन ने संयुक्त रूप से उपकरणों का उद्घाटन किया। मुख्य प्रबंधक अंकित सूद ने कहा कि कालाअंब ट्रांसमिशन लिमिटेड समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास से जुड़ी जनहितकारी योजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के डॉ. सौरभ शर्मा और डॉ. निखिल गर्ग ने कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन उपकरणों के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले कई मामलों में मरीजों को रेफर करना पड़ रहा था। अब प्राथमिक स्तर पर ही कई आवश्यक जांच और उपचार संभव हो सकेंगे। इस पहल से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। दोनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।