शिलाई क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रविवार को शिलाई से लगभग दो किलोमीटर दूर गांव पश्मी स्थित छत्रधारी चालदा महासू महाराज के मंदिर पहुंचे। यहां पर उन्होंने विधिवत शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्ष वर्धन चौहान भी उनके साथ मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चालदा महासू महाराज का पश्मी आगमन पूरे गांव और क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। महाराज की असीम कृपा से यहां सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहेगी। इस दौरान महासू मंदिर समिति ने उप मुख्यमंत्री को गांव की विभिन्न समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि चालदा महाराज एक वर्ष तक यहां विराजमान रहेंगे। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनके ठहरने की समुचित व्यवस्था नहीं है। समिति ने मांग की कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गांव में सराय या धर्मशाला का निर्माण करवाया जाए। इसके अलावा खेल मैदान के निर्माण, पेयजल समस्या के समाधान तथा पश्मी गांव के लिए नियमित बस सेवा उपलब्ध कराने की भी मांग ज्ञापन के माध्यम से रखी गई।