गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन में आयोजित एचपीयू की इंटर कॉलेज शतरंज प्रतियोगिता के पुरूष और महिला वर्ग में डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा ने पहले स्थान पर जीत दर्ज की। वीरवार को प्रतियोगिता के समापन समारोह में डॉ यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के संयुक्त निदेशक कपिल तोमर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना पेश की। प्रतियोगिता के संयोजक नरेंद्र पंवार ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन पेश किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 33 महाविद्यालयों ने प्रतिभागिता की, जिसमें महिला वर्ग की 22 टीम में 107 प्रतिभागी और पुरुष वर्ग की 31 टीम में जिसमें 150 प्रतिभागी शामिल रहे। प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय कफोटा के प्राचार्य डॉ. कुलदीप सिंह ने पर्यवेक्षक की भूमिका अदा की। अंत में मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इसमें में डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा ने पहला, राजकीय महाविद्यालय संजौली ने दूसरा और राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने तीसरा स्थान अर्जित किया। पुरूष वर्ग में डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा ने पहला, प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने दूसरा और राजकीय उपाधि महाविद्यालय संजौली ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के आचार्य ओंकारचंद, डॉ विनीता पाल समेत सभी शिक्षक मौजूद रहे।